हमारे शरीर को स्वस्थ और फिट रहने के लिए कई सारे पोषक तत्वों की जरूरत होती है। कॉपर इन्हीं में से एक है, जो हमारे शरीर में कई जरूरी काम करता है। कॉपर हड्डियों को मजबूत करता है, इम्युनिटी बूस्ट करता है, हीमोग्लोबिन बनाता है और इन सभी के जरिए यह हमें हेल्दी बनाता है।
शरीर में कॉपर की कमी पूरी करने के लिए कई लोग तांबे यानी कॉपर के गिलास या बर्तन में पानी पीते हैं। हालांकि, तांबे के बर्तन में पानी पीते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, वरना यह पानी जहर बन सकता है और आपको नुकसान पहुंचा सकता है।
तांबे के बर्तन की सफाई न करना- अगर पानी पीने के लिए तांबे बर्तन का इस्तेमाल करते हैं, तो इसकी साफ-सफाई का ध्यान जरूर रखें। हर बार पानी पीने के बाद बर्तन को पानी से अच्छी तरह धोएं। साथ ही हर 30 दिन में बर्तन को नमक और नींबू की मदद से साफ करें, ताकि ऑक्सीडेशन से दाग साफ हो सकें।
पूरे दिन तांबे का पानी पीना- कुछ लोग फायदे के चक्कर में सारा दिन बस तांबे का पानी ही पीते रहते हैं। हालांकि, ऐसा करना भी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। दिन भर तांबे का पानी पीते रहने से कॉपर टॉक्सिसिटी का खतरा बढ़ जाता है। इसकी वजह से मतली, चक्कर आना, पेट में दर्द और गंभीर मामलों में किडनी फेल हो सकती है।
नींबू और शहद का पानी तांबे के बर्तन में पीना- कई लोग अक्सर अपने दिन की शुरुआत नींबू और शहद के पानी से करते हैं, लेकिन तांबे के गिलास, बोतल या अन्य बर्तन में इसे कभी न पिएं। दरअसल, नींबू में मौजूद एसिड तांबे के साथ रिएक्ट कर सकता है, जिससे पेट दर्द, पेट में गैस और उल्टी भी हो सकती है।