कौन है मेहुल चौकसी? कौन सा कारोबार करता था? क्यों हुआ गिरफ्तार?

भगोड़े भारतीय बिजनेसमैन मेहुल चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के कहने पर 12 अप्रैल, शनिवार को बेल्जियम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मेहुल चौकसी पर अपने भांजे नीरव मोदी के साथ मिलकर पीएनबी से 14,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का आरोप है, जो भारतीय बैंकिंग के इतिहास में सबसे बड़ा घोटाला है। मेहुल चौकसी हीरा व्यापार करता था, जो गीतांजलि जेम्स लिमिटेड नामक कंपनी का मालिक था।

गीतांजली जेम्स लिमिटेड हीरे और आभूषणों के व्यापार में अग्रणी मानी जाती थी और इसके भारत सहित दुनिया के कई देशों में शोरूम्स थे। चौकसी का कारोबार गहनों के डिजाइन, निर्माण और बिक्री से जुड़ा हुआ था।

मेहुल चौकसी ने अपने करियर की शुरुआत अपने पिता की छोटी सी ज्वेलरी की दुकान से की थी, लेकिन समय के साथ उसने इसे एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में बदल दिया। चौकसी की कंपनी गीतांजलि ग्रुप के अंतर्गत कई लोकप्रिय ब्रांड्स जैसे- नक्षत्र, अस्मी, गिली, माया, और डिआना शामिल हैं।

चौकसी के इन ब्रांड्स के विज्ञापनों में कई बड़े बॉलीवुड सितारे नजर आते थे। भारत के अलावा, उसका कारोबार अमेरिका, मिडिल ईस्ट और साउथ ईस्ट एशिया तक फैला हुआ था।

मेहुल चौकसी का नाम 2018 में उस समय चर्चा में आया जब पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में हुए 14,000 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 अरब डॉलर के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में मुख्य आरोपी 65 वर्षीय व्यवसायी को भारत प्रत्यर्पित किए जाने की संभावना है। भारत की बेल्जियम के साथ प्रत्यर्पण संधि है और वहां के अधिकारियों ने भारतीय अधिकारियों से औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध मांगा है।

मेहुल चोकसी के परिवार में उनकी पत्नी प्रीति चोकसी और दो बेटियां व एक बेटा है। बेटे का नाम रोहन चोकसी है, वहीं दो बेटियों में से एक का नाम प्रियंका चोकसी है। प्रियंका चोकसी की शादी साल 2010 में आकाश मेहता के साथ हुई थी। उस वक्त की रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश मेहता आंटवर्प बेस्ड डायमंड मर्चेंट हैं।

प्रियंका चोकसी ही वह शख्स हैं, जो न्यूयॉर्क के लग्जरी ब्राइडल ब्रांड A.Jaffe को भारत लेकर आई थीं। यह ब्रांड अमेरिका के सबसे पुराने ब्राइडल ज्वैलरी मैन्युफैक्चरर्स में शामिल है। पीएनबी स्कैम के बाद 2018 में ही A Jaffe और नीरव मोदी की दो अन्य कंपनियों ने अमेरिकी कोर्ट में Chapter 11 बैंकरप्सी के लिए अपील की थी।

<