आदित्य रॉय कपूर के घर में झूठ बोलकर घुसी अनजान महिला

बॉलीवुड एक्टर आदित्य रॉय कपूर के साथ एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। उनके घर में सोमवार 26 मई को एक अज्ञात महिला ने घुसपैठ की है।

मुंबई पुलिस ने दुबई से आई एक महिला को आदित्य रॉय कपूर के बांद्रा स्थित घर में बहाने से घुसने के आरोप में हिरासत में लिया है।

घटना के समय आदित्य अपने घर पर नहीं थे। पुलिस के मुताबिक, महिला सोमवार करीब 6 बजे एक्टर के घर पहुंची।

उस समय आदित्य शूटिंग के लिए बाहर थे। इस दौरान गेट खोलने के लिए उनकी हाउस हेल्प संगीता पवार बाहर आई।

गेट के बाहर खड़ी 47 साल की महिला ने हाउस हेल्फ से पूछा कि क्या ये आदित्य रॉय कपूर का घर है। जब उसे पता चला कि आदित्य का घर है, तो उसने कहा कि वो एक्टर को कपड़े और गिफ्ट देने आई है।

इसके बाद हाउस हेल्प ने महिला को अंदर आने दिया। हाउस हेल्प ने महिला से ये भी पूछा कि क्या उसने आदित्य से मिलने का समय लिया है, तो महिला ने कहा कि हां मीटिंग के लिए 6 बजे का टाइम फिक्स था।

जब कुछ समय बाद आदित्य घर पहुंचे और उनकी हाउस हेल्प ने महिला के बारे में बताया, तो वो शॉक थे। आदित्य ने कहा कि वो महिला के बारे में कुछ नहीं जानते। महिला ने एक्टर के करीब जाने की भी कोशिश की।

इसके बाद आदित्य ने तुरंत सोसायटी की सिक्योरिटी को इंफॉर्म किया। इसके साथ ही उन्होंने खार पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत भी दर्ज कराई।

पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। आदित्य के घर घुसने वाली महिला की पहचान गजाला सिद्दीकी के रूप में की गई है। महिला का कहना है कि वो दुबई की रहने वाली है और आदित्य से मिलने इंडिया आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) (घर में घुसपैठ या घर में सेंध लगाने के लिए सजा ) के तहत FIR दर्ज की गई है।

<